सोनभद्र के मधुपुर-बनवारी रोड पर टूटी पुलिया, आवागमन ठप।

सोनभद्र के मधुपुर-बनवारी रोड पर टूटी पुलिया, आवागमन ठप। 



बुद्ध नगर के पास भारी बारिश के बीच धंसी सड़क, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार। 




मधुपुर/सोनभद्र। जनपद सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली अंतर्गत सुकृत पुलिस चौकी क्षेत्र में मधुपुर वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग से बनवारी रोड पर बुद्ध नगर के पास सड़क पर बनी पुलिया 31 अगस्त 2026 की रात भारी बारिश के दौरान अचानक टूटकर नीचे धंस गई। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है।



गनीमत रही कि घटना के समय भारी बारिश और अंधेरी रात के कारण इस मार्ग पर आवागमन बंद था, जिसके चलते किसी भी प्रकार की जनहानि या जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि पुलिया के टूटने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और तेज पानी का बहाव जारी है, जिससे यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है।



बताया जाता है कि मधुपुर-बनवारी रोड आसपास के भवानीपुर, मझुई, मुबारकपुर, गड़ईगाढ़ समेत दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का सुगम और महत्वपूर्ण मार्ग है। पुलिया टूट जाने के बाद इन गांवों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। ग्रामीणों को दूसरे रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग बंद होने से आम लोगों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त पुलिया और सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन बहाल कराने की मांग की है।

स्थानीय लोगों ने सोनभद्र जिला प्रशासन से तत्काल मामले का संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने और पुलिया की मरम्मत कराने की गुहार लगाई है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और किसी अप्रिय घटना की आशंका को टाला जा सके

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ